चार साल की बच्ची की जीभ काटी, ताकि रेप पर पर्दा रहे
जयपुर
शास्त्री नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इस क्षेत्र की एक 4 साल की बच्ची के साथ एक दरिंदे ने दुष्कर्म कर उसकी जीभ पर चाकू से कट लगा दिया, ताकि दुष्कर्म का राज किसी को नहीं बता सके। चार साल की इस बच्ची के परिजन पिछले 12 दिन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस है कि अभी तक आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। परिजनों की मानें तो 12 दिन पहले एक मोटर साइकिल चालक बच्ची को उठा ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद बच्ची की हालत देखी तो उसकी जीभ पर चाकू से कट लगा था। आरोपी ने यह दुष्कर्म के बाद उसकी जीभ पर चाकू से कट लगा दिया ताकि वह दुष्कर्म के बारे में किसी को बता तक नहीं पाए। कुछ दिन अस्पताल में उपचार के बाद बच्ची अस्पाल से वापिस घर तो लौट आई, लेकिन अभी तक वह अच्छी तरह से चल-फिर भी नहीं सकती। चिकित्सकों ने उसे करीब तीन माह का आराम करने की सलाह दी है।। वहीं उसकी जीभ पर चाकू से कट लगा होने के कारण वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही है।
नहीं थम रहे दुष्कर्म के प्रकरण
राजस्थान में दुष्कर्म के एक के बाद एक प्रकरण सामने आ रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित पुलिस थानों में पिछले तीन-चार माह में हजारों मामले दुष्कर्म से जुड़े दर्ज हो चुके हैं। हालांकि अधिकतर मामलों में नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुए हैं, लेकिन अभी तक जिस रफ्तार से आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए वह नहीं हो पा रही है। थानागाजी प्रकरण के बाद प्रदेश में दुष्कर्म की मानों बाढ़ आ गई हो।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें