बीकानेर: रेस्टोरेंट में आग लगने से दो मजदूर जिंदा जले, दोनों की मौत
बीकानेर.
जयपुर रोड स्थित एक रेेस्टोरेंट में होली से एक दिन पहले सोमवार रात को आग लगने से दो मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई। दोनों रेस्टोरेंट के अंदर सो रहे थे। रात करीब सवा दो बजे हुई इस जनहानि की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस पाइप लाइन को बंद किया। आगजनी की इस घटना में रेस्टोरेंट में रखा लाखाें रुपयों का सामान जलकर राख हो गया। मृतकों की पहचान राकेश कुमार पुत्र हरे कृष्ण निवासी पटना बिहार तथा दूसरे मृतक मजदूर धने सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी श्रीकोलायत के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने सुबह करीब छह बजे आग पर काबू पाया। व्यास कॉलोनी थाना पुलिस के अनुसार आग संभवतया शॉर्ट सर्किट से लग सकती है। हालांकि पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, कि आग लगने का कारण क्या था।
दोनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए
जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस ने बताया कि दोनों मृतक मजदूरों के शव पीबीएम हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। संबंधित मृतकों के परिजनों के आने के बाद शवों के पोस्टमार्टम किए जाएंगे। उधर मृतकों के जानकार पीबीएम हॉस्पिटल की मोर्चरी के आगे धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि रेस्टोरेंट मैनेजमेंट की गलती के कारण आग लगी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें