राजस्थान: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बच्चों के साथ देखी चंद्रयान की लाइव लैंडिंग, बोले वैज्ञानिकों की मेहनत रंग लाई

इसरो के इतिहास रचने पर उत्साहित प्रदेश के मुख्यमंत्री 

जयपुर.

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग से देशभर की जनता ही नहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी उत्साहित हैं। उन्होंने बुधवार को स्कूली बच्चों के साथ चंद्रयान की लाइव लैंडिंग देखने के बाद कहा कि वैज्ञानिकों की मेहनत रंग लाई है। गहलोत ने कहा कि जब चांद पर पहली बार इंसान उतरा था तब वो इस ऐतिहासिक घटना को लेकर एक छात्र के रूप में बेहद उत्साहित थे। आज हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत, देशवासियों की आशा एवं विश्वास का परिणाम है कि चंद्रयान-3 को दक्षिणी धुव्र  पर उतारकर इसरो ने एक नया इतिहास रच दिया है। इस अभूतपूर्व उपलब्धता के लिए मैं इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं। 



मुख्यमंत्री बोले भारत पहला देश 

मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर उतरने का भारत का दूसरा प्रयास है। बुधवार को दक्षिणी धुव्र  पर उतरने के साथ ही भारत ऐसा करने वाला पहला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि 22 अक्टूबर 2008 को चंद्रयान-1 मिशन के रूप में भारत का चंद्रमा के लिए पहला मिशन लॉन्च हुआ था जो कि 2009 में सफल मिशन के रूप में समाप्त हुआ था। 2019 में चंद्रयान-2 मिशन लॉन्च किया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों से लैंडिंग से महज कुछ मिनट पहले इसका संपर्क टूट गया। उन्होंने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो को वर्ष 1962 में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने डॉ. विक्रम साराभाई की सलाह पर भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुसंधान समिति इन्कोस्पार के नाम से स्थापित किया था। 15 अगस्त, 1969 को इंदिरा गांधी के कार्यकाल में इस संगठन को मजबूत करते हुए इसका नाम इसरो किया गया। 


जयपुर के जंतर-मंतर पर भी बोले 

गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं में खगोलीय और अंतरिक्ष विज्ञान के विकास को लेकर वैज्ञानिक समझ को विकसित करने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। जयपुर का जंतर मंतर प्राचीन भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान का प्रतीक है, जो खगोल विज्ञान को लेकर प्रदेशवासियों के उत्साह और जिज्ञासा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 1500 राजकीय विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिए साइंस एंड स्पेस क्लब खोले जा रहे हैं। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए नासा के सहयोग से एस्टरॉइड खोज अभियान भी संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेनेटोरियम विज्ञान केन्द्र, उच्च स्तरीय रिजोल्यूशन के टेलीस्कोप, साइंस पार्क के विकास सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ फोन से सेल्फी भी ली। 


इनकी रही मौजूदगी 

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री राजेन्द्र सिंह यादव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जाहिदा खान, मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा, मुख्य सचिव उषा शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त अखिल अरोरा, अतिरिक्त मुख्य सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संदीप वर्मा, प्रमुख शासन सचिव उच्च एवं तकनीकी शिक्षा भवानी सिंह देथा, शासन सचिव स्कूल शिक्षा नवीन जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बीकानेर मंडी में हंगामा: मूंगफली खरीद पर किसानों और कारोबारियों में तकरार

राजस्थान: मिलावटी मसाले बेचने वालों की अब खैर नहीं, 71 सैंपल लिए, 12 हजार किलो से ज्यादा मसाले सीज किए

महाकुम्भ प्रयागराज में बीकानेर श्रद्धालुओं की जलयात्रा और त्रिवेणी महायज्ञ का भव्य शुभारंभ